पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प, जमकर चली पत्थरबाजी

मुजफ्फरपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में छात्रों के दो गुटों के बीच कंपार्टमेंटल परीक्षा के बाद हिंसक झड़प हुई. कॉलेज परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जिसमें कई छात्र घायल हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली.

Muzaffarpur News: नया टोला स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में बुधवार को छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई. विवाद इतना बढ़ गया कि कॉलेज परिसर कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. घटना में कई छात्रों को चोटें आईं. सूचना मिलने पर काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया.

कंपार्टमेंटल परीक्षा के बाद शुरू हुआ विवाद

कॉलेज प्रशासन के अनुसार दरभंगा और मधुबनी के विभिन्न पॉलिटेक्निक कॉलेजों के छात्रों की कंपार्टमेंटल परीक्षा यहां आयोजित की जा रही है. बुधवार को पहली पाली में द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र परीक्षा कक्ष से बाहर निकले. इसी दौरान बाहर हंगामा शुरू हो गया.

कॉलेज के सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई.

पुराने विवाद को लेकर हुई भिड़ंत

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि कंपार्टमेंटल परीक्षा के शुरुआती दिनों में ही दोनों गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. उसी के बाद से दोनों पक्षों में गुटबाजी चल रही थी. बुधवार को आखिरी पेपर समाप्त होने के बाद दोनों गुट आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया.

पुलिस ने दोनों पक्षों को कराया शांत

करीब आधे घंटे तक कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. सूचना मिलने पर काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. पुलिस ने दोनों पक्षों से थाने में आवेदन देने को कहा है. मामले की जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ankit

Published by: सरफराज अहमद

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >