सिवाइपट्टी पुलिस पर संगीन आरोप, पार्सल के नाम पर युवक से की 55 हजार की जबरन वसूली

पूर्वी चम्पारण में एक युवक ने सिवाइपट्टी पुलिस पर पार्सल के बहाने 55 हजार रुपये लूटने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़ित को सुनसान जगह ले जाकर, एनकाउंटर की धमकी देकर पैसे वसूले गए. मामले की जांच एसएसपी के निर्देश पर शुरू हो गई है.

 Police Extortion Case: जिले के मीनापुर इलाके में खाकी को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. पूर्वी चम्पारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के झिटकहियां गांव निवासी पीड़ित पूजन कुमार ने सिवाइपट्टी पुलिस पर गश्ती के दौरान साज़िश रचकर जबरन रिश्वत वसूली करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. इस मामले को लेकर पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखित आवेदन दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक अजय कुमार ने एसएसपी से फोन पर बात कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. एसएसपी के कड़े निर्देश पर सर्किल इंस्पेक्टर ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

सुनसान जगह पर रोका, पार्सल मंगवाकर फंसाने की रची साज़िश

पीड़ित पूजन कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, बीती 17 जुलाई को वह अपनी गाड़ी लेकर डेराचौक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने गया था. इसी दौरान सिवाइपट्टी थाना पुलिस ने उसे रोककर कागजात मांगे. सारे पेपर सही होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे एक सुनसान जगह पर ले जाकर रोका और कहा कि डेराचौक से उनका एक पार्सल रिसीव कर ले और उसके बदले पैसे दे दे, जो बाद में लौटा दिए जाएंगे. पीड़ित जब पार्सल लेकर लौटने लगा, तो तिनमुहानी के पास पुलिस ने उसे दोबारा दबोच लिया. पुलिसकर्मियों ने सीलबंद पार्सल छीनकर उसका वीडियो बनाया और जबरन जुर्म कबूलने का दबाव बनाते हुए एक लाख रुपये की मांग की.

एनकाउंटर की धमकी देकर जबरन ट्रांसफर कराए 55 हजार

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो पुलिसकर्मी उसे काशीपकड़ी के रास्ते डेराचौक पुल के पास ले गए. वहां उसे गोली मार देने (एनकाउंटर) की सीधी धमकी दी गई. खौफजदा होकर पीड़ित ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन कर 50 हजार रुपये मंगवाए, जबकि 50 हजार उसके मोबाइल में पहले से थे. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और किसी बाहरी व्यक्ति को बुलाकर उसके क्यूआर कोड पर जबरन पासवर्ड लेकर 55 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए. पुलिस ने शिकायत करने पर पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी.

24 घंटे में सामने आएगी सच्चाई, वरीय अधिकारी कर रहे जांच

इस पूरे मामले पर सिवाइपट्टी थानाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की ओर से एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारी हर बिंदु की गहराई से जांच कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि अगले 24 घंटे के भीतर इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष सच्चाई सबके सामने आ जाएगी और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

ये भी पढ़ें: समाज जिसे समझ बैठा था 'मृत', भाई के अटूट विश्वास ने 41 साल बाद उसे जिंदा लौटाया


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

I have 16 years of journalism experience, working as a Bureau Chief at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on crime,political, social, and current topics.I have experience covering assembly and parliamentary elections reporting.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >