Muzaffarpur Social Scam: सोशल मीडिया पर रातों-रात वायरल करने और हर महीने मोटी कमाई का सपना दिखाकर दर्जनों महिलाओं से चार-चार हजार रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ठगी की हद तब हो गई जब हथौड़ी की एक महिला ने अपनी चांदी की पायल गिरवी रखकर आरोपी को पैसे दिए थे. महीनों बीतने पर भी न कोई कमाई हुई और न वीडियो वायरल हुआ. रविवार को पीड़ित महिलाओं और पुरुषों ने नगर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया. पीड़ितों का आरोप है कि यह फर्जीवाड़ा पैरा मिलिट्री फोर्स का एक जवान चला रहा है.
पार्क में ट्रेनिंग और SKMCH के पास ऑफिस
पीड़ितों के अनुसार, आरोपी जवान एसकेएमसीएच (SKMCH) के पास अपना निजी कार्यालय संचालित करता है:
- सिटी पार्क में क्लास: हर रविवार को सिटी पार्क में लोगों को इकट्ठा कर रील बनाने और वायरल करने की ट्रेनिंग दी जाती थी.
- 4000 रुपये की वसूली: ट्रेनिंग और पेज प्रमोट करने के नाम पर प्रति व्यक्ति 4,000 रुपये ऐंठे जाते थे.
पैसे मांगने पर मारपीट और धमकी
काम न होने पर जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी जवान और उसके साथियों ने अभद्रता की:
- पीड़ितों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई.
- महिलाओं को सोशल मीडिया पर जलील करने और जान से मारने की धमकियां दी गईं.
नगर थाने में शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ितों ने पुलिस से इस फर्जीवाड़े के नेटवर्क को बंद कराने और आरोपी जवान पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. नगर थाना पुलिस लिखित शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है.
ये भी पढ़ें: बड़ी साजिश नाकाम: पुलिस चेकिंग में देशी पिस्टल व कारतूस संग कुख्यात टीपू पासवान गिरफ्तार
