Muzaffarpur News: बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब की बड़ी खेप पकड़ी है. मीनापुर थाना क्षेत्र के पानापुर ओपी की पुलिस ने NH-27 पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 6933.60 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की. पुलिस ने मौके से पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
गुप्त सूचना पर NH-27 पर पुलिस ने की घेराबंदी
डीएसपी पूर्वी वन अलय वत्स के अनुसार, 28 अगस्त की रात मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से अवैध शराब की खेप के बारे में गुप्त सूचना मिली थी.
सूचना के आधार पर पानापुर ओपी पुलिस की विशेष टीम ने NH-27 स्थित खरीका ओवरब्रिज के समीप घेराबंदी की. इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गयी 6933.60 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.
पंजाब का आरोपी गिरफ्तार, ट्रक और मोबाइल जब्त
शराब की खेप के साथ पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया. उसकी पहचान पंजाब के मोहाली (एसएएस नगर) जिले के लालरू थाना क्षेत्र निवासी बिंदर सिंह के रूप में हुई है.
पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल ट्रक के अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
शराब के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मामले में मीनापुर थाना (पानापुर ओपी) में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है.
जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लायी गयी थी और इसे बिहार में कहां पहुंचाया जाना था. पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है.
यह भी पढ़ें
पुल के नीचे पानी में गिरी कार, शिक्षिका की मौत; हादसे में बेटा भी गंभीर रूप से घायल
