खुशबू दहेज हत्या: मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय सिनेमा रोड स्थित ज्ञानलोक मोहल्ले में चर्चित नवविवाहिता खुशबू कुमारी दहेज हत्या मामले में फरार सास-ससुर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. अदालत के आदेशानुसार पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों के तीन मंजिला मकान पर इश्तेहार चस्पा कर दिया है. एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर ढोल-नगाड़े और डुगडुगी बजवाई. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि तय अवधि में सरेंडर न करने पर आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जाएगी.
शादी के छह माह बाद ससुराल में मिला था शव
मृतका खुशबू कुमारी की शादी 21 जून 2025 को धूमधाम से संपन्न हुई थी. हालांकि, दांपत्य जीवन ज्यादा दिन नहीं चला और छह माह बाद दिसंबर में संदिग्ध हालात में उसका शव ससुराल के कमरे में बिस्तर पर मिला.
- मृतका के भाई ने 26 दिसंबर को ब्रह्मपुरा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
- प्राथमिकी में पति, सास और ससुर पर दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना तथा हत्या का आरोप लगाया गया.
- मायके पक्ष का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की खातिर खुशबू की जान ले ली गई.
पति जेल में बंद, सास-ससुर की तलाश जारी
केस दर्ज होने के बाद ब्रह्मपुरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के पति सुधांशु कुमार को सीतामढ़ी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पति वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है, जबकि नामजद सास और ससुर घटना के दिन से ही लगातार फरार चल रहे हैं.
इश्तेहार चस्पा होते ही जुटी भीड़, कुर्की की चेतावनी
गुरुवार को ढोल-नगाड़े के साथ पुलिस टीम जब ज्ञानलोक मोहल्ले में पहुंची, तो वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. मौके पर मृतका के मायके वाले भी उपस्थित थे. एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि अदालत के निर्देश पर विधिवत इश्तेहार चिपका दिया गया है. यदि आरोपी तय समयसीमा के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो पुलिस जल्द ही उनके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई अमल में लाएगी.
ये भी पढ़ें: ऑनलाइन गेमिंग लॉटरी सिंडिकेट का भंडाफोड़: 12 सट्टेबाज गिरफ्तार, 12 मोबाइल और नकदी जब्त
