सरैया नवविवाहिता मौत: मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना अंतर्गत बसंतपुर पट्टी कोन्ही टोला में गुरुवार की शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. मृतका की पहचान महेश सहनी की 20 वर्षीय पत्नी वर्षा कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई. मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. वारदात के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं.
तीन माह पूर्व हुआ था प्रेम विवाह
जानकारी के मुताबिक, पड़ोस के गांव मधौल निवासी मनोज रजक की पुत्री वर्षा स्नातक की छात्रा थी.
- वर्षा कुमारी ने बीते 28 मई को बसंतपुर पट्टी निवासी रामदेव सहनी के पुत्र महेश सहनी से प्रेम विवाह किया था.
- मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर वर्षा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.
- ससुराल पक्ष का दावा है कि प्रताड़ना से तंग आकर वर्षा ने बुधवार दोपहर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की थी.
- परिजन उसे इलाज के लिए ले गए थे, जहां गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया.
चुपके से दाह संस्कार की तैयारी, पुलिस ने रोका
मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव का गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार करने की जुगत में थे. इसकी भनक लगते ही मृतका के माता-पिता ने सरैया थाने को सूचना दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटनास्थल पर विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की विशेष टीम पहुंची और कमरे से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि एफएसएल जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों से लिखित तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: बेखौफ बदमाशों का तांडव: किराना दुकानदार की कनपटी पर पिस्टल सटा लूटे रुपये, फायरिंग कर भागे
