Muzaffarpur Weather: उत्तर-मध्य बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिले में 4 मई को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी और मौसम सुहाना हो जाएगा.
तापमान और मौसम का हाल
पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. बारिश के साथ हवा में नमी बढ़ेगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस होगी.
गरज-चमक और तेज हवा का अलर्ट
हालांकि, मौसम का यह बदलाव पूरी तरह राहत भरा नहीं होगा. विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है. इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
लोगों और किसानों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. आंधी-पानी के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर मकानों से दूर रहने को कहा गया है. वहीं किसानों को अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित जगह पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि नुकसान कम हो सके.
