Muzaffarpur News: अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनसराय माधोपुर गांव स्थित ब्रह्मस्थान के पास सोमवार को पूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. पूजा में शामिल श्रद्धालुओं के ऊपर अचानक पीपल के पेड़ की भारी डाल टूटकर गिर गई. हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूजा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा.
Ahiyapur News: दो बच्चों की गई जान
मृतकों की पहचान मिठानसराय निवासी किशोर शाह के 12 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार तथा दिलीप साह की 8 वर्षीय पुत्री अनन्या कुमारी के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है.
आठ घायल, अस्पताल में इलाज जारी
घटना में राजा प्रताप सिंह (52), हेमंत झा (50), जंगबहादुर सिंह (70), संस्कार कुमार (7), अभिषेक कुमार (7), काजल कुमारी (9), ज्योति कुमारी (10) और अंशु कुमारी (7) गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पूजा के दौरान अचानक टूटी डाल
स्थानीय लोगों के अनुसार ब्रह्मस्थान पर पूजा-अर्चना चल रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. इसी दौरान अचानक पीपल के पेड़ की विशाल डाल टूटकर लोगों के ऊपर गिर गई. किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और कई लोग उसकी चपेट में आ गए. ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: रेलवे का हाईटेक टर्मिनल तैयार, अब सफर होगा और आसान
