Muzaffarpur News: जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है. सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने लापरवाही बरतने वालों से भारी जुर्माना वसूला है. वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, केवल अप्रैल 2026 के महीने में कुल 3,61,25,900 रुपये का शमन शुल्क जमा किया गया है.
बिना हेलमेट वालों पर गिरी सबसे ज्यादा गाज
पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा संख्या उन बाइक चालकों की है, जो बिना हेलमेट के सड़कों पर फर्राटा भर रहे थे. रिपोर्ट के मुताबिक, महीने भर में कुल 19,424 चालकों को बिना हेलमेट के पकड़ा गया, जिनसे 1.94 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा, वैध बीमा (Insurance) के बिना वाहन चलाने वाले 4,580 लोगों से 91.60 लाख रुपये की वसूली की गई.
रफ्तार और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर भी एक्शन
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को भी नहीं बख्शा. तेज गति से वाहन चलाने वाले 2,156 चालकों पर कार्रवाई करते हुए 43.12 लाख रुपये का चालान काटा गया. वहीं, सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनने वाली ‘रॉन्ग साइड ड्राइविंग’ के लिए 718 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
अभियान आगे भी जारी रहेगा
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा उन्हें भारी आर्थिक दंड भुगतना होगा.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
