Muzaffarpur News: जिले में साइबर अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामले में कटरा थाना क्षेत्र के एक किसान के मोबाइल को हैक कर अपराधियों ने उनके बैंक खातों से लाखों रुपये पार कर दिए. पीड़ित ने इस संबंध में मुजफ्फरपुर साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
सिम पोर्ट कराकर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित किसान रामाशंकर प्रसाद सिंह (62 वर्ष), जो ग्राम-धनौर, थाना-कटरा के निवासी हैं, ने बताया कि किसी अज्ञात अपराधी ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया.इसके बाद अपराधियों ने चालाकी से उनके सिम कार्ड को पोर्ट करा लिया, जिससे पीड़ित का संपर्क अपने नंबर से कट गया.
33 किस्तों में खाली किया बैंक खाता
घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित 27 अप्रैल को सेंट्रल बैंक की धनौर शाखा में अपनी पासबुक अपडेट कराने पहुंचे. बैंक स्टेटमेंट देखकर उनके होश उड़ गए. अपराधियों ने 23 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 33 बार में 2,34,000 (दो लाख चौंतीस हजार) रुपये निकाल लिए थे.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
