Muzaffarpur Scrap Godown Fire: मुजफ्फरपुर जिला के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक पर बुधवार की देर रात करीब 12 बजे एक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इस पर काबू पाने में 14 दमकल गाड़ियों और 40 से अधिक फायर फाइटर्स को लगातार नौ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. गुरुवार की सुबह आठ बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका. पूरी तरह आश्वस्त होने के लिए जले कबाड़ के ढेर को जेसीबी से हटाकर पानी डाला गया, ताकि आग दोबारा न भड़के. इस भयावह घटना में गोदाम से सटा एक बड़ा अपार्टमेंट जलने से बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी बगल में स्थित वर्कशॉप में खड़ी दो जेसीबी मशीनें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं. घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है.
फ्लैट्स में भरा धुआं, अपार्टमेंट में रहने वालों की हलक में अटकी रही जान
अगलगी की इस भीषण घटना के दौरान गोदाम से ठीक सटे अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर से लेकर टॉप फ्लोर तक के सभी फ्लैटों में जहरीला और काला धुआं भर गया था. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला. डर के मारे लोग रात भर अपने-अपने फ्लैट से निकलकर सड़कों पर खड़ेरहे. रात 12 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक जब तक आग पूरी तरह कंट्रोल नहीं हुई, तब तक सैकड़ों लोगों की सांसें अटकी रहीं. सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के नेतृत्व में ब्रह्मपुरा पुलिस की टीम मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रही.
गोदाम के चारों तरफ घेराबंदी कर जुटे रहे फायर कर्मी, बगल की दो जेसीबी खाक
फायर ऑफिसर राम निवास पांडेय ने बताया कि कबाड़ में अत्यधिक मात्रा में प्लास्टिक होने के कारण आग की लपटें काफी भयावह थीं और आसमान में धुएं का विशाल गुब्बारा बन गया था. इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही थीं. फायर ब्रिगेड की टीम की पहली प्राथमिकता अपार्टमेंट को बचाना था, इसलिए टीम ने चारों तरफ से गोदाम को घेरकर पानी की बौछारें कीं. हालांकि, इस दौरान बगल के वर्कशॉप में खड़ी दो जेसीबी मशीनें आग की चपेट में आ गईं और जलकर नष्ट हो गईं.
शॉर्ट सर्किट नहीं, बीड़ी-सिगरेट से आग लगने की आशंका; गोदाम मालिक अस्पताल में भर्ती
फायर ऑफिसर ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, बिजली के शॉर्ट सर्किट से इतनी भीषण आग लगने की संभावना बेहद कम है. आशंका जताई जा रही है कि किसी ने जलती हुई बीड़ी या सिगरेट कबाड़ के ढेर पर फेंक दी होगी, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया. इधर, इतनी बड़ी घटना और लाखों के नुकसान की खबर सुनकर गोदाम मालिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
