Muzaffarpur News: सकरा प्रखंड के सबहा चौक के समीप निगरानी विभाग की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिराजाबाद पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली. गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई.
Sakra News: योजना खोलने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार सिराजाबाद पंचायत के उपमुखिया बादल कुमार से मनरेगा योजना खोलने के एवज में पंचायत रोजगार सेवक ने 20 हजार रुपये की मांग की थी. उपमुखिया का आरोप है कि पंचायत में बिना रिश्वत लिए कोई काम नहीं किया जाता था और योजना स्वीकृत कराने के लिए लगातार पैसे की मांग की जा रही थी.
निगरानी विभाग ने बिछाया जाल
उपमुखिया ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की. शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की. तय योजना के अनुसार उपमुखिया ने सबहा चौक पर रोजगार सेवक को रुपये दिए. जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद निगरानी विभाग की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.
जांच आगे भी जारी
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ लेकर चली गई. इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नीलमणि ने कहा कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी नहीं है. निगरानी विभाग पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है.
