मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड के नारायणपुर अनंत स्थित दिघरा गुमटी संख्या 97 पर चार दिनों तक रात में सड़क आवागमन बंद रहेगा. रेलवे की ओर से यहां रेलपथ मरम्मत का कार्य कराया जाना है. 12, 13, 14 और 15 सितंबर की रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक गुमटी को सड़क यातायात के लिए बंद रखा जाएगा.
वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ), मुजफ्फरपुर ने इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी को पत्र भेजकर जानकारी दी है. पत्र के अनुसार दिघरा गुमटी संख्या 97 पर रेल स्लीपर, चेक रेल चेंजिंग एंड ओवरहॉलिंग तथा रेलपथ मरम्मत का कार्य कराया जाना है. रेलवे ने सुरक्षा की दृष्टि से इन कार्यों को अत्यंत आवश्यक बताया है.
4 रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रहेगी गुमटी
रेलवे के अनुसार 12 से 15 सितंबर तक प्रत्येक रात 10 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक दिघरा गुमटी संख्या 97 पर सड़क आवागमन बंद रहेगा. इस दौरान गुमटी से होकर रात में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों को परेशानी हो सकती है.
विधि-व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी व पुलिस बल की मांग
मरम्मत कार्य के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे ने दंडाधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की मांग की है. इसके लिए अनुमंडल प्रशासन को पत्र भेजा गया है.
रेलवे ने दिघरा गुमटी बंद रखने की सूचना समस्तीपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, स्टेशन अधीक्षक नारायणपुर अनंत, आरपीएफ और जीआरपी को भी दी है. रेलवे के अनुसार रेलपथ का मरम्मत कार्य सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है और निर्धारित अवधि में रात के समय इसे पूरा कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें
रामश्रेष्ठ सिंह महाविद्यालय में प्रो अभय कुमार सिंह चुने गये शिक्षक प्रतिनिधि
