Muzaffarpur Night Patrol: जिले में रात के वक्त सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और पुलिसिंग को दुरुस्त करने के लिए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर खुद सड़कों पर उतरे. दोनों आला अधिकारियों ने देर रात विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया और रात्रि गश्ती (नाइट पेट्रोलिंग) का जायजा लिया. इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई गई और उन्हें मुस्तैदी से काम करने की सख्त चेतावनी दी गई. अधिकारियों की इस औचक कार्रवाई से पूरी रात पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा.
सिटी एसपी ने शहर के पांच थानों को खंगाला, ग्रामीण एसपी ने हाइवे पर संभाला मोर्चा
सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने आधी रात को शहर के पांच प्रमुख थानों के चेकिंग पॉइंट का जायजा लिया. वे अचानक विभिन्न चौराहों और बैरिकेडिंग पॉइंट्स पर पहुंचे. कुछ जगहों पर ढिलाई सामने आने पर सिटी एसपी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की. दूसरी ओर, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने मोर्चा संभालते हुए हाइवे से सटे थानों में औचक दस्तक दी. हाइवे पर अपराध रोकने के उद्देश्य से उन्होंने पुलिस बल की उपस्थिति की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि रात के समय कोताही बर्दाश्त नहीं होगी.
डायल 112 की रीचेकिंग और फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने का कड़ा निर्देश
निरीक्षण के दौरान आपातकालीन सेवा ''डायल 112'' की गाड़ियों की भी गहन जांच की गई. अधिकारियों ने ऑन-स्पॉट चेक किया कि गाड़ियां तय रूट पर हैं या नहीं और कॉल पर त्वरित रिस्पॉन्स मिल रहा है या नहीं. उन्होंने बीच सड़क पर गाड़ियों को रुकवाकर पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और निर्देश दिया कि पुलिसकर्मी सिर्फ गाड़ी में न बैठें, बल्कि उतरकर फुट पेट्रोलिंग भी करें. अधिकारियों ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि रात की गश्ती जितनी मजबूत होगी, अपराध उतना ही कम होगा. लापरवाही मिलने पर सीधे सस्पेंशन की कार्रवाई की जाएगी.
