Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला में एसएससी जीडी की परीक्षा के दौरान सोमवार को बीबी कॉलेजिएट स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ. छात्रों का आरोप था कि बिना किसी सूचना के अचानक दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी गयी. इसकी खबर मिलते ही दूर-दराज से आए सैकड़ों परीक्षार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा.सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित छात्र परीक्षा केंद्र के बाहर इकट्ठा होकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की. हंगामा बढ़ने के बाद नगर एएसपी वन सुरेश कुमार, थानेदार जयप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ परीक्षा सेंटर पर पहुंचे. आक्रोशित छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे समझने को तैयार नहीं थे. छात्रों के आक्रोश को देखते हुए लाइन से अतिरिक्त फोर्स व क्यूआरटी की टीम को बुलाया गया. भीषण गर्मी और यातायात की भारी कठिनाइयों का सामना करते हुए परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने इस परीक्षा के लिए महीनों तक कड़ी तैयारी की थी. अंतिम समय में बिना किसी पूर्व सूचना के परीक्षा रद्द कर दिया गया. छात्रों का सीधा आरोप है कि प्रशासन और परीक्षा नियंत्रक एजेंसी ने मुख्य गेट को अचानक बंद कर दिया और परीक्षा टालने की कोई स्पष्ट वजह भी नहीं बताई. करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आक्रोशित छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया गया.
ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली पर उठाये सवाल
हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों ने मौजूदा ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि इस परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली और हेराफेरी की जा रही है. उनका कहना था कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात कुछ चुनिंदा कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से कुछ खास छात्रों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाया जाता है.
आधिकारिक नोटिस और नई तारीखों की मांग
सोमवार शाम तक आयोग या स्थानीय जिला प्रशासन की तरफ से परीक्षा रद्द होने को लेकर कोई आधिकारिक लिखित नोटिस या पुख्ता घोषणा जारी नहीं की गई थी. इस असमंजस की स्थिति के कारण अभ्यर्थी बेहद परेशान हैं कि आखिर परीक्षा क्यों रद्द हुई. प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार और आयोग से पूरी परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने दोनों रद्द पालियों के लिए नई परीक्षा तिथियों की घोषणा जल्द से जल्द करने की अपील की है, ताकि उनकी महीनों की मेहनत और पूरा साल बर्बाद होने से बच सकें.
