Muzaffarpur News: नाबालिग बहनों की मौत का लाइव वीडियो आया सामने, डूबने से हुई थी दोनों की मौत

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मीनापुर में दो मासूम बहनों की मौत का सच सीसीटीवी फुटेज से सामने आया है. खेल-खेल में हाथ जोड़कर आगे बढ़ रही बच्चियां गहरे गड्ढे में जा गिरीं. परिजनों ने हत्या की आशंका को खारिज कर इसे दुखद हादसा बताया है.पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर प्रखंड स्थित रामपुर हरि थाना क्षेत्र में दो मासूम चचेरी बहनों की मौत के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है. पिछले कुछ दिनों से इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं, लेकिन अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस और परिजनों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह कोई हत्या नहीं बल्कि एक दुखद हादसा था.

सीसीटीवी में कैद हुई अंतिम यात्रा

रामपुर हरि थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज से पूरी स्थिति साफ हो गई है. फुटेज में दिख रहा है कि 12 वर्षीय मौसमी कुमारी और 7 वर्षीय रुचि कुमारी हाथ में हसिया लेकर मक्के के खेत की पगडंडी से जा रही थीं. बच्चियों ने वहां घास भी काटी. सबसे हैरान और भावुक करने वाला मंजर तब दिखा जब दोनों बहनें हाथ जोड़कर आगे बढ़ती नजर आईं और अचानक एक-एक कर पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गईं. पानी अधिक होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं सकीं और डूबने से उनकी मौत हो गई.

परिजनों ने जताया संतोष, हत्या की आशंका खारिज

शुरुआत में बच्चियों के लापता होने के बाद अपहरण और हत्या की आशंका जताई जा रही थी. सोमवार को लापता हुई इन बच्चियों के शव बुधवार सुबह मकसूदपुर चिमनी के पास एक गड्ढे से मिले थे. हालांकि, फुटेज देखने के बाद मृत बच्चियों के पिता राजेश राय ने किसी भी साजिश से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और सीसीटीवी देखने के बाद वे पुलिस की जांच से पूरी तरह संतुष्ट हैं. बच्चियों का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाजों के साथ कर दिया गया है, जहां उनके दादा महेश राय ने मुखाग्नि दी.

नई प्राथमिकी दर्ज नहीं होगी

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चूंकि यह मामला पूरी तरह दुर्घटना से जुड़ा है, इसलिए अलग से कोई नई प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाएगी. पिता के बयान पर पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है, जिसे अब इस जांच के आधार पर आगे बढ़ायाजाएगा. हालांकि, पुलिस को अभी भी पोस्टमार्टम और एफएसएल (FSL) की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि कागजी कार्यवाही को अंतिम रूप दिया जा सके. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है.

मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष गुप्ता की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >