Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक डॉक्टर ने अपनी दूसरी पत्नी और उसके मायके वालों के खिलाफ पूर्व विवाह की बात छिपाकर निकाह करने, घर से कीमती जेवर चोरी करने और अब मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसमें डॉक्टर ने बताया है कि पहली पत्नी के देहांत के बाद वह अपने बच्चों के साथ अकेले रह रहे थे. इसी बीच कोलकाता के रहने वाले दो व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया और अपनी एक महिला रिश्तेदार के साथ निकाह का प्रस्ताव रखा. आरोप है कि उक्त लोगों ने जानबूझकर यह महत्वपूर्ण तथ्य छिपाया कि महिला का पूर्व में भी विवाह हो चुका था. साजिश से अनजान पीड़ित ने जून 2022 में सगे-संबंधियों की मौजूदगी में महिला से निकाह कर लिया.
बच्चों के साथ की मारपीट और फिर साजिश के तहत चोरी
डॉक्टर का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही महिला का व्यवहार उनके बच्चों के प्रति अत्यंत क्रूर और अपमानजनक हो गया, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण रहने लगा. वह ड्यूटी पर थे और बच्चे शिक्षण संस्थानों में गए हुए थे, तभी महिला के मायके वाले घर पहुंचे. आरोप है कि तीनों ने मिलकर साजिश रची और घर में रखे कीमती सामान पैक कर लिए. इसमें पीड़ित की दिवंगत पहली पत्नी के सोने की ज्वेलरी और शादी के समय दिए गए अन्य जेवर शामिल थे. बिना सूचना
कोलकाता हुए फरार, अब दे रहे धमकी
सामान समेटने के बाद आरोपी बिना किसी सूचना के कोलकाता फरार हो गए. शाम को जब पीड़ित घर लौटे, तो उन्हें इस बड़ी चोरी और धोखे का पता चला. उन्होंने फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने बात करने से इनकार कर दिया.पीड़ित का कहना है कि अब आरोपी उन्हें फोन और अन्य माध्यमों से लगातार डरा-धमका रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं. ब्रह्मपुरा थानेदार विपिन कुमार रंजन ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन की जा रही है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
