Muzaffarpur News: भाई की बारात जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर के औराई में बारात जाने के दौरान सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक रूपेश कुमार की मौत हो गई. खड़ी कार में बाइक टकराने से हुए इस हादसे में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हैं…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात एक हृदयविदारक घटना घटी. अपने चचेरे भाई की बारात में शामिल होने जा रहे 19 वर्षीय युवक रूपेश कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. इस हादसे के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया और उत्सव का माहौल चीख-पुकार में बदल गया. मृतक की पहचान रतवारा बिंदवारा गांव निवासी अंजनी सहनी के पुत्र के रूप में हुई है.

खड़ी कार में जा टकराई बाइक

मिली जानकारी के अनुसार, बारात औराई से कटरा थाना के उफरौली गांव जा रही थी. बारात की गाड़ियां बेनीबाद के समीप रुकी हुई थीं और लोग वाहन खड़ा कर पान खाने लगे थे. इसी बीच पीछे से बाइक पर सवार होकर आ रहे रूपेश ने सड़क किनारे खड़ी कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रूपेश की मौके पर ही मौत हो गई.

दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य युवक, अर्जुन सहनी और अरुण सहनी भी बुरी तरह जख्मी हो गए हैं. स्थानीय लोगों और बारातियों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.

बिना पोस्टमार्टम के किया गया अंतिम संस्कार

समाजसेवी अजय महतो ने बताया कि घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गमगीन परिजनों ने कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम न कराते हुए सोमवार की सुबह ही गांव में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया. इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.

मुजफ्फरपुर के औराई से फिरोज अख्तर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >