Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत सहदानी-बसैठा मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. सहदानी मोड़ के पास एक अज्ञात बोलेरो ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बाइक पर सवार मां, पुत्र और पुत्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए.
मायके जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घायल तीनों व्यक्ति सरैया थाना क्षेत्र के बासदेव पट्टी गांव के निवासी हैं. घायलों की पहचान 48 वर्षीय इरफाना खातून, उनकी 20 वर्षीय पुत्री मुस्कान खातून और 30 वर्षीय पुत्र मो. जीयाऊल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि इरफाना खातून अपने बेटे और बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके गोरीगांवा जा रही थीं. इसी दौरान सहदानी मोड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें चपेट में ले लिया.
निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों के सहयोग से तीनों घायलों को तत्काल सरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. फिलहाल तीनों का इलाज मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
फरार बोलेरो की तलाश में पुलिस
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है. स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात बोलेरो की पहचान की जा सके.
मुजफ्फरपुर के सरैया से शिवेन्द्र कुमार की रिपोर्ट
