Muzaffarpur News : सकरा में ट्रेन से गिरकर यात्री की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सकरा में सीहो स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर 45 वर्षीय रूपेश सिंह की मौत हो गई. बरौनी जा रहे यात्री की ट्रेन की चपेट में आने से जान गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानिए खबर विस्तार से...

Muzaffarpur News: जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीहो रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया. ट्रेन से गिरकर एक 45 वर्षीय यात्री की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान रूपेश सिंह के रूप में की गई है. इस हृदयविदारक घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

अनियंत्रित होकर पायदान से नीचे गिरे

जानकारी के अनुसार, रूपेश सिंह मुजफ्फरपुर से बरौनी जाने वाली ट्रेन में सवार थे. सफर के दौरान सीहो रेलवे स्टेशन के पास वे अचानक अनियंत्रित हो गए और कोच के पायदान से सीधे नीचे गिर गए. ट्रेन की गति तेज होने के कारण वे उसकी चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया शव

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद रेल पुलिस और सकरा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लिया. आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर जैसे ही मृतक के घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई. रूपेश सिंह की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है कि यह हादसा कोच में अत्यधिक भीड़ की वजह से हुआ या फिर इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण था. रेल पुलिस यात्रियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके. मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Purushottam Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >