Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला अहियापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर चौक पर बुधवार को एक अनियंत्रित पिकअप और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में दोनों घायलों को श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है.
तेज रफ्तार बनी हादसे का सबब
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी. रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर अपना नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही बाइक को सीधे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे पिकअप वैन को घेरकर अपने कब्जे में ले लिया.
पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को कराया शांत
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को काफी समझा-बुझाकर शांत कराया और पिकअप को कब्जे में लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल घायलों की पहचान करने की कोशिश जारी है ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके. इस हादसे के कारण इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
मुज़फ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
