मुजफ्फरपुर की युवती को पुणे में ब्रोकर से दोस्ती पड़ी भारी, निजी तस्वीरें कीं वायरल!

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर की युवती को पुणे में फ्लैट दिलाने वाले ब्रोकर ने दोस्ती के बाद ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. शादी से मना करने पर आरोपी अब युवती की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है, जिसे लेकर महिला थाने में एफआईआर दर्ज हुई है. पढ़ें पूरी खबर...

Muzaffarpur News: पुणे की एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत मुजफ्फरपुर की युवती को दोस्ती करना महंगा पड़ गया. एक ब्रोकर ने पहले युवती को फ्लैट दिलाने में मदद की और फिर करीब आकर उसे ब्लैकमेल करने लगा. शादी से इनकार करने पर आरोपी अब युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है. पीड़िता की शिकायत पर मुजफ्फरपुर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

फ्लैट दिलाने से शुरू हुई थी जान-पहचान

मूल रूप से सीतामढ़ी के नानपुर की रहने वाली पीड़िता वर्तमान में अहियापुर थाना क्षेत्र में रहती है. पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि पुणे में पढ़ाई के बाद वह एक कंपनी में नौकरी करने लगी. इसी दौरान उसकी पहचान सूरज नानेकर नामक युवक से हुई, जो ब्रोकर का काम करता था. सूरज ने उसे किराए पर फ्लैट दिलाने में मदद की और धीरे-धीरे घर आने-जाने लगा. दोस्ती बढ़ने के बाद जब युवती को उसकी गलत हरकतों का पता चला, तो उसने दूरी बना ली.

हैक किया मोबाइल, भाई ने पुणे जाकर बचाया

पीड़िता का आरोप है कि दूरी बनाने पर सूरज उसे डराने-धमकाने लगा. वह खुद को अपराधी बताते हुए हत्या की धमकियां देने लगा. आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन भी हैक कर लिया और उसके साथ मारपीट की. डरी-सहमी युवती ने किसी तरह अपने भाई को सूचना दी, जिसके बाद भाई ने पुणे पहुंचकर उसे सुरक्षित घर वापस लाया. अब आरोपी फर्जी आईडी बनाकर युवती के रिश्तेदारों और परिचितों को उसकी निजी तस्वीरें भेज रहा है और शादी न करने पर बर्बाद करने की धमकी दे रहा है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Aaruni Thakur is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >