Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र अंतर्गत अनंत कमतौल गांव में रविवार रात चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. गृहस्वामी चंद्रमोहन शाही 09 मई की रात अपने परिवार के साथ घर बंद कर ट्रेन से देवघर पूजा के लिए रवाना हुए थे. घर खाली देख चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर कमरों में रखी आलमीरा, ट्रंक और अन्य कीमती सामानों के ताले तोड़ डाले.
नकद, सोना-चांदी के आभूषण लेकर फरार
चोरों ने घर से करीब 50 हजार रुपये नकद के साथ लाखों रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. चोरी गए सामान में सोने की चेन, मंगलसूत्र, कंगन, कान की बाली, नथिया, मांगटिका समेत दर्जनों आभूषण शामिल हैं. गृहस्वामी के अनुसार चोरी गए जेवरातों की कुल कीमत लगभग 7 से 8 लाख रुपये है. परिवार को घटना की जानकारी तब हुई जब गांव के रमेश सिंह पूजा का निमंत्रण देने उनके घर पहुंचे और ताला टूटा देखा. इसके बाद फोन पर सूचना मिलने पर परिवार स्तब्ध रह गया.
डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही कुढ़नी थाना प्रभारी पुनीत कुमार पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और एफएसएल विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे. जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी. पीड़ित परिवार की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में आवेदन दिया गया है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
मुजफ्फरपुर कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट
