Muzaffarpur News: राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता को अपने छोटे-बड़े सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े. इसी उद्देश्य से पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कराकर इन्हें जनता को समर्पित किया जा रहा है. यह बातें मंगलवार को कांटी के स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने मणीफुलकाहां पंचायत के रानी पोखर स्थित नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन में कामकाज का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहीं. इसके साथ ही उन्होंने दामोदरपुर पंचायत में भी नए पंचायत सरकार भवन का विधिवत शिलान्यास किया.
लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई
विधायक अजीत कुमार ने नवनिर्मित भवन को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि कांटी विधानसभा क्षेत्र की कई पंचायतों में इन भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है. ग्रामीणों के काम में तेजी लाने के लिए ही समारोहपूर्वक कामकाज की शुरुआत की जा रही है. उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि संबंधित पंचायत के सभी सरकारी कर्मी अब इसी भवन में बैठकर जनता की समस्याओं का निष्पादन करेंगे. जो भी कर्मचारी यहां बैठने में लापरवाही बरतेगा, उसके विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि जिन पंचायतों में अब तक यह भवन नहीं बना है, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है.
6 करोड़ की लागत से मिलेगी आवासीय सुविधा, गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर खुद नजर रखें ताकि भवन मजबूत और टिकाऊ बने. विदित हो कि मणीफुलकाहां और दामोदरपुर, इन दोनों पंचायतों में भवनों के निर्माण के लिए सरकार द्वारा कुल 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है. इस हाईटेक पंचायत सरकार भवन में कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होगी. शिलान्यास स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का भव्य स्वागत किया. इस विशेष मौके पर रमेश कुमार शर्मा, रामकिशोर भगत, बिट्टू कुमार गुप्ता, मुखिया ज्ञान कौशिक होरिल, पूर्व सरपंच नीरज मिश्रा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे.
