Muzaffarpur News: खुलने से पहले ही फेल हुआ देहरादून एक्सप्रेस का इंजन, मेंटेनेंस पर उठे सवाल

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सोमवार को देहरादून एक्सप्रेस का इंजन प्लेटफॉर्म से खुलते ही फेल हो गया. इसके चलते नया इंजन लगाने में ट्रेन आधा घंटा लेट हुई, जिससे यात्रियों को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ा.पढ़ें पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सोमवार को रेलवे के मेंटेनेंस और सुरक्षा दावों की पोल खुल गई. मुजफ्फरपुर से देहरादून जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15001) का इंजन प्लेटफॉर्म से खुलते ही तकनीकी खराबी के कारण फेल हो गया. भीषण गर्मी के बीच ट्रेन के अचानक रुक जाने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और जंक्शन पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ते ही झटके के साथ रुक गई

यह साप्ताहिक ट्रेन प्रत्येक रविवार को देहरादून से मुजफ्फरपुर आती है और सोमवार की दोपहर करीब दो बजे वापस देहरादून के लिए रवाना होती है. सोमवार को जैसे ही यह ट्रेन जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या चार से आगे बढ़ी, कुछ ही दूरी पर इंजन ने अचानक काम करना बंद कर दिया. ट्रेन झटके के साथ वहीं रुक गई. लोको पायलट और तकनीकी टीम ने इंजन को दोबारा शुरू करने के तमाम प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचित किया गया.

दूसरा इंजन लगाने में आधा घंटा लेट

कंट्रोल रूम की सूचना पर आनन-फानन में यार्ड से दूसरा विकल्प तलाश कर नया इंजन मंगवाया गया और उसे ट्रेन में जोड़ा गया. इस पूरी कशमकश और इंजन बदलने की प्रक्रिया के कारण ट्रेन जंक्शन पर ही आधा घंटा लेट हो गई. जंक्शन से हुई इस प्रारंभिक देरी का असर आगे के रेल खंड पर भी साफ दिखा. मेहसी स्टेशन पहुंचते-पहुंचते यह साप्ताहिक ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 50 मिनट की देरी से चल रही थी. यात्रियों ने रेलवे की इस लापरवाही और मेंटेनेंस व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >