मुजफ्फरपुर: मोतीपुर में ‘अपहरण’ केस पलटा, युवती ने वीडियो जारी कर बताया प्रेम विवाह

मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में जिस मामले को अपहरण बताया जा रहा था, उसमें अब बड़ा मोड़ आ गया है. युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है. पढ़ें पूरी खबर और जानें युवती ने पुलिस से क्या मांग की…

मुजफ्फरपुर: जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में दर्ज एक कथित अपहरण मामला उस समय नया मोड़ ले लिया, जब लापता युवती ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी शादी का खुलासा कर दिया. युवती ने अपहरण की बात से इनकार करते हुए कहा कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है.

परिजनों ने दर्ज कराई थी FIR

बताया गया कि कुछ दिन पहले युवती के पिता ने मोतीपुर थाना में अपनी पुत्री के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामले में एक युवक को आरोपी बनाया गया था.

पुलिस इस केस की जांच में जुटी थी और कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक की मां को हिरासत में भी लिया गया था.

वीडियो में युवती ने कही यह बात

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती ने कहा कि उसका अपहरण नहीं हुआ है. उसने अपनी इच्छा से अपने प्रेमी से शादी की है.

युवती ने दावा किया कि उसके घरवाले उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे. उसने कहा, “मुझे डर था कि मेरे घरवाले मेरी हत्या कर देंगे, इसलिए मैंने अपनी जान बचाने के लिए अपने प्रेमी का साथ चुना.”

हालांकि, प्रभात खबर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.

पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

वीडियो में युवती ने थानाध्यक्ष से अपील करते हुए कहा कि उसके ससुराल वालों पर लगाए गए आरोप झूठे हैं. उसने पुलिस से उसके पति की मां को रिहा करने और उसे व उसके पति को सुरक्षा देने की मांग की.

युवती ने यह भी कहा कि वह पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर धारा 164 के तहत अपना बयान दर्ज कराने को तैयार है.

मामले की जांच जारी

घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है. पुलिस अब वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि युवती का बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मुजफ्फर के मोतीपुर से अशोक कुमार पांडेय की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >