Muzaffarpur News: काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा मिल्की टोला में एक महिला के साथ रह रहे 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के घोष लेन (वार्ड संख्या 25) निवासी सूरज सोनी, पिता काली चरण प्रसाद, के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
दस दिनों से महिला के साथ रह रहा था युवक
परिजनों के अनुसार, सूरज समस्तीपुर में श्रृंगार (कॉस्मेटिक) की दुकान चलाता था और पिछले करीब दस दिनों से मुजफ्फरपुर के सादपुरा इलाके में उक्त महिला के साथ रह रहा था. सोमवार देर रात उसकी तबीयत बिगड़ने पर महिला उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने महिला की भूमिका पर जताया संदेह
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचाने के बाद महिला वहां से चली गई. बाद में उसने फोन पर सूरज की मौत की सूचना दी. परिजनों के अस्पताल पहुंचने तक शव वहीं पड़ा मिला. इसके बाद परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से शिकायत की.
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना पहुंचे और लिखित आवेदन दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष चंद्रभूषण प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित महिला को हिरासत में लेकर सादपुरा स्थित कमरे का निरीक्षण किया.
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है. मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी.
जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित महिला विवाहित है और तीन बच्चों की मां है. उसका मायका मुजफ्फरपुर के सादपुरा में है, जबकि ससुराल समस्तीपुर जिले में बताया गया है. पुलिस महिला से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
