फैमिली प्लानिंग के क्या हैं ऑप्शन? मुजफ्फरपुर में आज लगेगा पुरुष नसबंदी मेला

मुजफ्फरपुर में सोमवार से पुरुष नसबंदी पखवाड़े की शुरुआत होगी. अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी दंपतियों को परिवार नियोजन के विकल्प बताएंगे और इच्छुक पुरुषों को नसबंदी के बारे में चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा.

पुरुष नसबंदी: मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार से पुरुष नसबंदी पखवाड़े की शुरुआत होगी. इसे लेकर सदर अस्पताल से लेकर पीएचसी स्तर तक नसबंदी पखवाड़ा मेला आयोजित किया जाएगा. रविवार को अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गईं. पहले चरण में योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी दी जाएगी और इच्छुक पुरुषों को नसबंदी के लिए परामर्श दिया जाएगा. इसके बाद अभियान के तहत पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

दंपतियों को परिवार नियोजन की दी जाएगी जानकारी

अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता योग्य दंपतियों से संपर्क कर परिवार नियोजन के महत्व के बारे में जानकारी देंगे. इसके लिए सारथी वाहन, सास-बहू-बेटा सम्मेलन और घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा.

अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को खास तौर पर पुरुष नसबंदी के बारे में लोगों को सही और जरूरी जानकारी देने का निर्देश दिया है. इसका उद्देश्य परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाना है.

‘पति-पत्नी मिलकर परिवार नियोजन की बात करें’

अभियान के दौरान ‘आज ही शुरुआत करें, पति-पत्नी मिलकर परिवार नियोजन की बात करें’ जैसे संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग का जोर इस बात पर रहेगा कि परिवार नियोजन को पति-पत्नी मिलकर समझें और अपनी जरूरत के अनुसार उपयुक्त साधन का चुनाव करें.

अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार ने अभियान को लेकर तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने प्रथम चरण में ही जागरूकता गतिविधियां शुरू करने पर जोर दिया.

पुरुष नसबंदी को लेकर दूर की जाएगी झिझक

स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की ओर से दंपतियों को बताया जाएगा कि पुरुष नसबंदी एक स्थायी गर्भनिरोधक साधन है. विभाग की ओर से इसे बिना चीरा और टांके की प्रक्रिया के रूप में बताया जा रहा है. इच्छुक पुरुषों को प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी और चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा.

अभियान का एक उद्देश्य पुरुष नसबंदी को लेकर लोगों के बीच मौजूद झिझक और गलत धारणाओं को दूर करना भी है. स्वास्थ्यकर्मी लोगों को प्रक्रिया से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध कराएंगे, ताकि वे डॉक्टर की सलाह के आधार पर निर्णय ले सकें.

परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी पर जोर

जिले में बड़ी संख्या में पुरुष परिवार नियोजन के लिए कंडोम जैसे अस्थायी साधनों का भी इस्तेमाल करते हैं. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी महत्वपूर्ण है.

इसी भागीदारी को बढ़ाने के उद्देश्य से पुरुष नसबंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है. अभियान के दौरान दंपतियों को परिवार नियोजन के उपलब्ध विकल्पों की जानकारी दी जाएगी और इच्छुक लोगों को स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक परामर्श एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

यह भी पढ़ें:

जंक्शन पर मोबाइल छिनते ही चलती ट्रेन से कूदा छात्र, कीचड़-गड्ढे में खदेड़कर झपट्टामार को दबोचा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रेमांशु शेखर

प्रेमांशु शेखर को पत्रकारिता में 18 से अधिक वर्षों का अनुभव है. वह दिल्ली विश्वविद्यालय साउथ कैंपस के छात्र रहे हैं और दिल्ली में भी काम कर चुके हैं. वह पिछले 16 साल से अपराध, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

 

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >