Muzaffarpur Junction News: मुजफ्फरपुर जंक्शन के पार्सल ट्रांजिट कार्यालय में बीते बुधवार को जर्जर छत का प्लास्टर गिरने और बड़ा हादसा टलने के बाद रेल प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है. घटना के अगले ही दिन गुरुवार को भवन के जीर्णोद्धार और मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है.
Muzaffarpur railway safety News: डीआरएम के संज्ञान के बाद बुलाई गई उच्चस्तरीय बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ने खुद इस पूरी घटना पर संज्ञान लिया. उनके निर्देश पर एरिया मैनेजर रवि शंकर महतो की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में जंक्शन परिसर स्थित भवनों की सुरक्षा और जर्जर स्थिति पर गहन चर्चा हुई.
railway station building repair: अटके हुए कार्यों और सुरक्षा खामियों की हुई समीक्षा
अधिकारियों की बैठक में जंक्शन परिसर की सुरक्षा खामियों की बिंदुवार समीक्षा की गई. इस दौरान अधिकारियों ने जायजा लिया कि विभिन्न विभागों में मरम्मत कार्य अब तक क्यों अटके हुए थे और क्या प्रशासनिक दिक्कतें आ रही थीं. सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया.
आइओडब्ल्यू की टीम ने धरातल पर शुरू किया मरम्मत कार्य
बैठक के तुरंत बाद आइओडब्ल्यू यानी इंजीनियरिंग विभाग की टीम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई. टीम ने पार्सल ट्रांजिट कार्यालय की क्षतिग्रस्त छत समेत सभी जर्जर हिस्सों की मरम्मत का कार्य धरातल पर शुरू करा दिया. कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
बुधवार को टला था बड़ा हादसा, बाल-बाल बचे थे रेलकर्मी
उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को छत का प्लास्टर गिरने से वहां तैनात रेलकर्मी बाल-बाल बच गए थे. हालांकि, कंप्यूटर और मोबाइल क्षतिग्रस्त होने के कारण पार्सल कार्यालय का कामकाज ठप हो गया था. अब स्थिति को सामान्य बनाने और भविष्य में हादसों को रोकने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है.
