Muzaffarpur: प्रेमिका के चक्कर में पति ने ही किया पत्नी और दो मासूम बच्चों का कत्ल, आरोपी पति और प्रेमिका गिरफ्तार

2 माह के रुद्रा, दो वर्षीय वैष्णवी और 35 वर्षीय रीता देवी हत्याकांड का पुलिस ने महज एक हफ्ते के अंदर उद्भेदन करते हुए हत्यारे पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है.

Muzaffarpur News: 2 माह के रुद्रा, दो वर्षीय वैष्णवी और 35 वर्षीय रीता देवी हत्याकांड का पुलिस ने महज एक हफ्ते के अंदर उद्भेदन करते हुए हत्यारे पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है. अब सवाल यह उठता है कि आखिर दो मासूम, जिन्होंने अभी ठीक से दुनिया को देखा भी नहीं था, उनका कत्ल एक पिता ने अपनी प्रेमिका को पाने के लिए कैसे कर दिया.

क्या था पूरा मामला

दरअसल पूरा मामला बीते मंगलवार का है, जब मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के लसगरीपुर पंचायत के बझिला गांव स्थित संतोष साह के मकान में अचानक चीख-पुकार मच गई. देर रात संतोष साह की पत्नी 35 वर्षीय रीता देवी, 2 वर्षीय बेटी वैष्णवी और 2 महीने के पुत्र रुद्रा का शव एक ही बिस्तर पर पड़ा मिला.

मामले की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस, एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. घटना के बाद मृतका के पति संतोष साह ने अपने पट्टीदारों पर पत्नी और बच्चों की हत्या का आरोप लगाया था.

आरोपी ने बताया था कि घटना के समय शादी में था

मामले को लेकर संतोष साह ने घटना के दिन मीडिया को बताया था कि वह हलवाई का काम करता है और घटना वाले दिन अपने भाई के साथ एक शादी समारोह में पकवान बनाने गया था. उसने यह भी कहा था कि जाते वक्त उसके चचेरे भाई ने पूरे परिवार को खत्म कर देने की धमकी दी थी.

उसने बताया कि जब वह देर रात वापस लौटा, तो उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या हो चुकी थी. संतोष साह ने यह भी कहा था कि पहले से ही उसका अपने पट्टीदारों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए, हुआ था विशेष टीम का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था. इस टीम का नेतृत्व डीएसपी वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी कर रही थीं, जिसमें कांटी थाना अध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे.

गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की और पूरे मामले का उद्भेदन करते हुए आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने इस हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.

ग्रामीण एसपी ने क्या बताया?

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि 28 अप्रैल को कांटी थाना क्षेत्र से महिला और दो मासूम बच्चों का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस और डीएसपी वेस्ट-1 मौके पर पहुंच गए थे.

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए. प्रारंभ में मृतका के पति संतोष साह ने अपने पट्टीदारों पर हत्या का आरोप लगाया था, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई.

जांच के दौरान प्रेम संबंध का हुआ खुलासा

जांच के दौरान जब संतोष साह से गहन पूछताछ की गई, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. पुलिस को पता चला कि वह नशे का सेवन करता था और वर्ष 2014 से ही पड़ोस की एक महिला से उसका प्रेम संबंध चल रहा था.

प्रेमिका के साथ मिलकर साजिश रची

इसके बाद संतोष साह ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर साजिश रची. योजना यह थी कि प्रेमिका अपने पति और बच्चों की हत्या करेगी और संतोष अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या करेगा, ताकि दोनों नई जिंदगी शुरू कर सकें.

हत्या कर मौके से फरार

साजिश के तहत 28 अप्रैल को संतोष साह ने पहले अपनी पत्नी को नशीला पदार्थ खिलाया और फिर काम पर जाने का बहाना बनाकर घर से निकल गया. देर रात वह वापस घर में घुसा और पहले पत्नी तथा 2 वर्षीय बेटी वैष्णवी का रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद 2 महीने के बेटे रुद्रा का मुंह दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया.

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन संतोष साह अपनी प्रेमिका करीना से कई बार फोन और वीडियो कॉल पर संपर्क में था. दोनों के मोबाइल से प्रेम संबंध के पुख्ता सबूत भी पुलिस को मिले हैं.

फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की दिशा में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >