मुजफ्फरपुर ब्रेकिंग: सुबह-सुबह दरवाजे  पर चढ़कर मारी गोली,मचा हड़कंप पुलिस मामले की कर रही जांच

मुजफ्फरपुर के जैतपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब घर के बाहर सफाई कर रहे एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

Muzaffarpur Firing: मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार की सुबह-सुबह गोलीबारी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. सरैया अनुमंडल के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरा गांव (वार्ड संख्या-9) में अपने घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे 45 वर्षीय व्यक्ति को एक बेखौफ बदमाश ने गोली मार दी. इस अचानक हुए हमले के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

Muzaffarpur Crime News: घर के बाहर सुबह-सुबह खूनी तांडव

पीड़ित की पहचान 45 वर्षीय नागेश्वर ठाकुर के रूप में हुई है. वह शनिवार सुबह अपने घर के मुख्य दरवाजे पर रोजमर्रा की तरह साफ-सफाई कर रहे थे. इसी दौरान गांव का ही रहने वाला प्रिंस कुमार कथित तौर पर हथियार लेकर वहां पहुंचा और बिना किसी बातचीत के सीधे गोली चला दी. गोली नागेश्वर ठाकुर के हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े.

निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर दौड़े. परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल नागेश्वर ठाकुर को मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी प्रिंस कुमार मौके से फरार हो गया. घटना के बाद से ही खैरा गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है.

पुरानी रंजिश और आरोपी का आपराधिक इतिहास

सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी प्रिंस कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी दो बार जेल जा चुका है. हालांकि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे आपसी विवाद है या कोई पुरानी रंजिश.

Bihar Police: पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल नागेश्वर ठाकुर के बयान और चश्मदीदों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और आरोपी प्रिंस कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शिवेंद्र कुमार

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव. क्राइम, धर्म, पुरातत्व और राजनीति से जुड़ी ख़बरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >