मुजफ्फरपुर: हॉस्पिटल के बाद अब रस्सी फैक्ट्री में लगी भीषण आग, जिंदा जलने से बचे दो कर्मचारी

Muzaffarpur Factory Fire: बेला इंडस्ट्रियल एरिया में शॉर्ट सर्किट से प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया. बिना एनओसी चल रही फैक्ट्री में दो मजदूर बाल-बाल बचे. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur Factory Fire:  बेला इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-वन स्थित एक प्लास्टिक रस्सी निर्माण फैक्ट्री में मंगलवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. अगलगी की इस घटना से औद्योगिक क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. प्लास्टिक के जलने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं, जिससे आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया. सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख होने का अनुमान है.

चार बार नोटिस के बाद भी नहीं ली थी NOC

घटना की सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. फायर ऑफिसर राम निवास पांडेय ने बताया कि उक्त प्लास्टिक फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के कोई इंतजाम नहीं थे. नियमानुसार फैक्ट्री संचालन के लिए फायर विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना अनिवार्य है. इसके लिए विभाग की ओर से संचालक को चार बार नोटिस भी भेजा गया था, लेकिन संचालक ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और बिना एनओसी के ही फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था. सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर विभाग अब संचालक पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.

बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग

प्रत्यक्षदर्शियों और फैक्ट्री कर्मियों के मुताबिक, हादसा बिजली के मुख्य पैनल बोर्ड में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ. शॉर्ट सर्किट होते ही चिंगारी निकली और फैक्ट्री के भीतर हवा में उड़ रहे बारीक प्लास्टिक के कणों व धागों ने उसे तुरंत पकड़ लिया. इसके बाद देखते ही देखते फैक्ट्री के अंदर एक साथ कई जगहों पर आग भड़क उठी. कच्चा माल और तैयार प्लास्टिक की रस्सियां होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया.

जिंदा जलने से बचे दो कर्मचारी

जिस वक्त यह हादसा हुआ, फैक्ट्री के भीतर दो मशीनमैन काम कर रहे थे. आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों अंदर ही घिर गए. हालांकि, मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों कर्मचारियों ने सूझबूझ से काम लिया और जान बचाकर पिछले रास्ते से बाहर की ओर भागे. दोनों मशीनमैन जिंदा जलने से बाल-बाल बच गए. बेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >