Muzaffarpur Sports News: मुजफ्फरपुर. मुंगेर में आयोजित बिहार राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता 2026 में मुजफ्फरपुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किया. मुंगेर स्थित इंडोर स्टेडियम में 21 से 23 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिले की प्रतिभाओं ने शानदार योगासन प्रस्तुत कर जिले का नाम रोशन किया.
रिदमिक पेयर में अभिनीशा और आनंदिता ने जीता गोल्ड
प्रतियोगिता के 8–18 आयु वर्ग की रिदमिक पेयर स्पर्धा में मुजफ्फरपुर की अभिनीशा आनन्द और आनंदिता कश्यप की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और योग कला का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया.
दोनों खिलाड़ियों को इस शानदार प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक मिला.
अभिनिशा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी जीता ब्रॉन्ज
अभिनिशा आनन्द ने 10–12 आयु वर्ग की ट्रेडिशनल योग व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने इस स्पर्धा में तृतीय स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया.
इस तरह अभिनिशा ने प्रतियोगिता में दोहरी सफलता हासिल की.
मुजफ्फरपुर योग संघ ने दी बधाई
मुजफ्फरपुर योग संघ की सचिव व प्रशिक्षक श्रेया श्रुति ने खिलाड़ियों की सफलता की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता का आयोजन मुंगेर जिला योग संघ द्वारा बिहार राज्य योग संघ और योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्धता के तहत किया गया था.
खिलाड़ियों की सफलता पर संघ में खुशी
मुजफ्फरपुर योग संघ के अध्यक्ष डॉ. एच. एन. भारद्वाज, उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार मणि, कोषाध्यक्ष अभिषेक आनंद, कार्यकारी सचिव अर्चना सोनी और श्रावणी श्रुति सहित संघ के सदस्यों और खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जतायी.
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के अनुशासन, निरंतर अभ्यास और योग के प्रति समर्पण का परिणाम है. खेलप्रेमियों और प्रशिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
यह भी पढ़ें: घर के बाहर बैठी महिला को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
