Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर के अहियापुर इलाके में देर रात गोलियों की आवाज से अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया. आपसी वर्चस्व की लड़ाई ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया और एक युवक को गोली मार दी गई. बताया जा रहा है कि घटना अयाची ग्राम रोड नंबर-5 की है, जहां रविवार रात किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. इसी दौरान 36 वर्षीय अनिल कुमार सिंह को गोली मार दी गई. गोली उनके गर्दन के नीचे लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
गोली निकालने की तैयारी
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों की मदद से घायल को तुरंत बैरिया स्थित मां जानकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है. डॉक्टर अमृतांशु रंजन के मुताबिक, ऑपरेशन कर गोली निकालने की तैयारी की जा रही है. खबर लिखे जाने तक घायल का ऑपरेशन नहीं हुआ है.
शादी समारोह में पहुंचा था घायल
वहीं, घायल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि वे लोग एक शादी समारोह में गए थे, उसी दौरान यह वारदात हुई. हालांकि स्थानीय स्तर पर जमीन विवाद को लेकर एक पूर्व सैनिक द्वारा फायरिंग किए जाने की चर्चा भी सामने आ रही है. अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढे़ं: Muzaffarpur: अंधविश्वास की आग में बुझी जिंदगी, विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या
पुलिस ने किया मामले का पर्दाफाश
मुजफ्फरपुर के अहियापुर में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने अब पर्दाफाश कर दिया है. इलाके में वर्चस्व को लेकर हुई इस वारदात में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिसके बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है. यह घटना अयाची ग्राम गली नंबर 5 की है, जहां रविवार रात रिटायर्ड फौजी राजीव कुमार और अनिल कुमार सिंह के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि राजीव कुमार ने अपनी रायफल से फायरिंग कर दी, जिसमें अनिल कुमार को गर्दन में गोली लग गई. फिलहाल उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
एसआईटी का गठन
घटना के बाद पुलिस ने अनिल कुमार के बयान के आधार पर केस दर्ज किया और नगर डीएसपी टू विनिता सिन्हा के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया. टीम ने मुख्य आरोपी राजीव कुमार के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला. इसके बाद पुलिस उसकी बहन रानी देवी के घर पहुंची, जहां उसने आरोपी को भागने में मदद की. इस आरोप में पुलिस ने रानी देवी को गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों के घर से छह जिंदा कारतूस, 44 खोखा, एक मैगजीन, गोली का हिस्सा, एक तलवार, विदेशी शराब की बोतल, मोबाइल और डीवीआर बॉक्स बरामद किया है.
तीन अलग-अलग FIR दर्ज
वहीं, आरोपी की पत्नी ने भी पुलिस को बताया कि घटना से पहले कुछ लोगों ने उनके घर पर पथराव किया था, जिसके बाद जवाब में फायरिंग की गई. इस मामले में पुलिस ने कुल तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. पुलिस अब मुख्य आरोपी राजीव कुमार की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और बरामद हथियार के लाइसेंस की भी जांच की जा रही है.
