Health ABHA ID: जिले में लोगों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है. अब तक जिले में 32.66 लाख लोगों की आभा आईडी बनायी जा चुकी है. 58.7 लाख के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले यह 55.64 प्रतिशत उपलब्धि है. सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ गांव स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं की मदद से भी आभा आईडी बनवायी जा सकती है. इसके अलावा मोबाइल के माध्यम से घर बैठे स्वयं भी आभा आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध है.
14 अंकों की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है आभा आईडी
आभा आईडी 14 अंकों की विशिष्ट डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है. इसके माध्यम से लोग अपनी जांच रिपोर्ट, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार से संबंधित स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रख सकते हैं.
मरीज की सहमति से जरूरत के अनुसार डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड चिकित्सक या स्वास्थ्य सेवा प्रदाता के साथ साझा किया जा सकता है. इससे पुराने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सक के सामने उपलब्ध कराने में सुविधा होती है.
स्कैन एंड शेयर से अस्पताल में पंजीकरण आसान
स्कैन एंड शेयर सुविधा के तहत मरीज अस्पताल में लगे क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इससे अस्पताल में पंजीकरण को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलती है.
निजी क्षेत्र में पीएमजेएवाई के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में स्कैन एंड शेयर सुविधा का क्रियान्वयन किया जा चुका है. वहीं, अन्य निजी अस्पतालों में भी इस सुविधा को उपलब्ध कराने के लिए विभाग की ओर से लगातार कार्य किया जा रहा है.
आभा आईडी से जुड़े डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड के माध्यम से मरीज अपनी जांच रिपोर्ट और उपचार संबंधी दस्तावेज डिजिटल रूप से व्यवस्थित रख सकते हैं. मरीज की सहमति से चिकित्सक पुराने स्वास्थ्य रिकॉर्ड भी देख सकते हैं.
आशा कार्यकर्ताओं से भी ले सकते हैं मदद
गांव स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को आभा आईडी बनाने में सहयोग दिया जा रहा है. इसके लिए लोगों को अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान या संबंधित आशा कार्यकर्ता से संपर्क करने की सुविधा है.
अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अधिक से अधिक नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर भी लोगों को आभा आईडी निर्माण और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जा रही है.
जानकारी के लिए इस नंबर पर करें संपर्क
अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि आभा आईडी और स्कैन एंड शेयर सहित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी के लिए नागरिक 9835235788 पर संपर्क कर सकते हैं.
