Kanti News: कांटी थाना क्षेत्र के सदातपुर पटना न्यू बाइपास के पास शनिवार देर रात मद्य निषेध पटना और कांटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गयी. शराब को ट्रक में पीओपी के बोरों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है.
गुप्त सूचना पर मद्य निषेध टीम ने ट्रक का पीछा किया
मद्य निषेध पटना की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक से करीब 800 कार्टन विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने ट्रक का पीछा शुरू किया.
ट्रक के कांटी थाना क्षेत्र में पहुंचने पर मद्य निषेध पटना की टीम ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गयी.
पीओपी के बोरों के बीच छिपी थी शराब
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली. जांच के दौरान पीओपी के बोरों के बीच छिपाकर रखी गयी विदेशी शराब बरामद हुई. शराब की बड़ी खेप देखकर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने पहुंचाया.
थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि मद्य निषेध पटना की टीम की सूचना पर थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में ट्रक से विदेशी शराब बरामद की गयी है. फिलहाल शराब को ट्रक से उतारकर उसकी गिनती की जा रही है.
गिनती के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार शराब की पूरी मात्रा और कार्टन की संख्या की गिनती की जा रही है. इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कानून सम्मत कार्रवाई की जायेगी. शराब की खेप कहां से लायी जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जायेगी.
यह भी पढ़ें
Muzaffarpur News: फर्नीचर की आड़ में शराब तस्करी, मैजिक से 54 कार्टन में 510 लीटर शराब बरामद
