NCB Action: मुजफ्फरपुर मुंबई से लेकर नेपाल बॉर्डर तक उत्तर बिहार में मुंबई NCB की बड़ी कार्रवाई: 13 कुख्यात इंटरनेशनल ड्रग्स माफियाओं की सूची जारी, मुजफ्फरपुर समेत 4 जिलों में अलर्ट फैले ड्रग्स तस्करी के इंटरनेशनल नेटवर्क को नारकोटिक्स ब्यूरो मुंबई की जोनल यूनिट की टीम खंगाल रही है. मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार चल रहे 13 नेशनल व इंटरनेशनल ड्रग्स माफियाओं की तलाश उत्तर बिहार में की जा रही है. इसमें इरान, नाइजीरिया, तंजानिया , मोजाम्बिक जैसे देश के भी ड्रग्स माफिया शामिल है. तिरहुत रेंज के डीआइजी चंदन कुमार कुशवाहा ने मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र समेत सीतामढ़ी, शिवहर व वैशाली एसपी को निर्देश जारी किया है. उनको आदेश दिया गया है कि चिन्हित 13 ड्रग्स माफिया के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत हिरासत में लेकर गिरफ्तार करते हुए उनको सूचित करें. चारों जिलों के एसएसपी व एसपी ने डीआइजी के आदेश के आलोक में सभी थानेदार व ओपी प्रभारी को ड्रग्स माफियाओं की सूची भेज दी है.
International Drug Mafia List: इरान, नाइजीरिया और तंजानिया के नागरिकों के नाम शामिल
ईरान के मसूद नासिर जियारी, हुसैन सफर अगई, अमीर जवाद घवम, मोहम्मद रजा मोहसेन जरगारी और सैयद सज्जाद हुसैनी शामिल हैं. नाइजीरियाई तस्करों में इश्मेल इमैनुएल इकेआबुंकेम, एजेनवा लिविनस ओमिके, इमैनुएल चुक वेमेका अलासोरो और रिचर्ड प्रिंस उर्फ सिरिल ओसुआगवु के नाम हैं. इसके अलावा मोजाम्बिक के अरमांडो लौरिंडो रामोस और तंजानिया के एली हसन बोस्को भी इस सूची में शामिल हैं.
भारतीय ड्रग्स तस्करों का नाम भी सूची में है शामिल
विदेशी नागरिकों के साथ-साथ महाराष्ट्र और दिल्ली से जुड़े भारतीय तस्करों की भी तलाश जारी है. सूची में ठाणे (महाराष्ट्र) के रहने वाले नूर मोहम्मद शेख और मुंबई के मो. फैजान शफी शेख का नाम भी शामिल है, जो एनडीपीएस मामलों में आरोपी हैं. मुजफ्फरपुर में डीआरआइ की टीम ने नवंबर 2024 में 42 करोड़ के कोकीन के साथ इंटरनेशनल ड्रग्स माफिया शेख शाहीन जो पुणे का रहने वाला था उसको गिरफ्तार किया था.
अंतरराष्ट्रीय तस्करों का नया ट्रांजिट प्वाइंट बना मुजफ्फरपुर
डीआरआइ की बीते पांच साल की कार्रवाई से पता चला है कि अंतर्राष्ट्रीय तस्कर अब गुवाहाटी, सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल और नेपाल जैसे स्थानों से तस्करी का सामान लाकर मुजफ्फरपुर के रास्ते देश के बड़े शहरों में भेजते हैं. असम, पश्चिम बंगाल व नेपाल से तस्कर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, गोवा, यूपी, अरुणाचल प्रदेश तक वाया मुजफ्फरपुर होकर, स्मगलिंग का सोना, सिगरेट, मादक पदार्थ आदि ले जा रहे हैं. यह तस्करों के लिए नया रूट बन गया है. अंतरराष्ट्रीय तस्कर दरभंगा फोरलेन व बरौनी फोरलेन दोनों रास्ते से मुजफ्फरपुर होकर ही तस्करी का माल निकाल रहे हैं. डीआरआइ ने मैठी, मनियारी व चकिया टोल प्लाजा से कई बड़ी की खेप पकड़ी है. यह शहर तस्करों के लिए एक सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग बन गया है. इसकी भौगोलिक स्थिति, जो नेपाल सीमा के करीब है और प्रमुख राजमार्गों से जुड़ी हुई है, इसे एक आदर्श ट्रांजिट हब बनाती है.
