Muzaffarpur News: शहर के व्यस्त मोतीझील इलाके में ई-रिक्शा चालक की दबंगई का मामला सामने आया है. किराए को लेकर हुए विवाद के बाद चालक ने दो इंजीनियर बहनों और उनकी मां के साथ कथित रूप से बदसलूकी की. विरोध करने पर उसने एक छात्रा के पैर पर ई-रिक्शे का पहिया चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया.
60 रुपये किराए को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार दोनों बहनें अपनी मां के साथ जुरन छपरा से मोतीझील जाने के लिए ई-रिक्शा पर सवार हुई थीं. गंतव्य पर पहुंचने के बाद चालक ने 60 रुपये किराया लिया. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि चालक ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की.
यह भी पढ़ें: नशे में धुत स्कूटी सवार ने तीन लोगों को मारी टक्कर, स्कूटी छोड़ दोस्त संग फरार
वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने चालक की हरकतों का वीडियो बनाना शुरू किया तो उसने मोबाइल छीनने की कोशिश की और हाथापाई पर उतर आया. इसके बाद महिलाओं ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी.
पैर पर पहिया चढ़ाकर फरार हुआ चालक
शिकायत के अनुसार पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद चालक मौके से भागने लगा. इसी दौरान उसने विरोध कर रही छात्रा के पैर पर ई-रिक्शे का पहिया चढ़ा दिया, जिससे वह घायल हो गई. इसके बाद चालक ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
घायल छात्रा ने भागते हुए ई-रिक्शा का नंबर अपने मोबाइल में कैद कर लिया. इसके बाद वह अपनी मां और बहन के साथ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान के लिए मोतीझील क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
