दुष्कर्म मुजफ्फरपुर पॉक्सो: कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता के परिजनों द्वारा दिल्ली में दर्ज कराई गई जीरो एफआईआर की कॉपी मुजफ्फरपुर पहुंचते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर कच्ची-पक्की ओपी के माध्यम से सदर थाने में आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
शादी समारोह में दिया वारदात को अंजाम
प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. घटना के समय वह पड़ोस के ही एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी. आरोप है कि पड़ोस के ही एक युवक ने छात्रा को बहला-फुसलाकर और झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया. वारदात के बाद आरोपित ने किशोरी को जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी, जिससे सहमी छात्रा ने परिजनों को कुछ नहीं बताया.
दिल्ली अस्पताल में हुआ गर्भवती होने का खुलासा
समारोह के बाद छात्रा अपने परिवार के साथ दिल्ली वापस लौट गई. घटना का खुलासा तब हुआ जब कुछ दिनों बाद छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी:
- परिजन अस्वस्थ छात्रा को चिकित्सीय जांच के लिए दिल्ली के एक स्थानीय अस्पताल ले गए.
- डॉक्टरों द्वारा जांच किए जाने पर छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिससे परिजनों के होश उड़ गए.
- अस्पताल प्रबंधन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया.
जीरो एफआईआर के आधार पर मुजफ्फरपुर में केस
चूंकि अपराध स्थल मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में था, इसलिए दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला अग्रिम अनुसंधान के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया. सोमवार को कागजात मिलते ही सदर थाने में नियमित केस दर्ज किया गया. कच्ची-पक्की थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: बीआरएबीयू और वीकेएसयू के वित्तीय मामलों की होगी निगरानी जांच: सरकार का कड़ा रुख, राजभवन को भेजा पत्र
