MDDM College Muzaffarpur: महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय (MDDM) की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से मुजफ्फरपुर में नशा-मुक्त भारत के निर्माण के लिए विशेष पहल की गई . बुधवार को ब्रह्माकुमारीज मुजफ्फरपुर के सहयोग से कॉलेज परिसर में नशा-मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया . भारत सरकार के 'नशा-मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प' अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षिकाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया .
Anti Drug Pledge: सकारात्मक सोच और मेडिटेशन अपनाने की प्रेरणा
कार्यक्रम का नेतृत्व NSS की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ शगुफ्ता नाज ने किया . समारोह में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ अनुराधा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली ही युवाओं को सफलता की ओर ले जाती है . उन्होंने छात्राओं को हर तरह की बुरी आदतों और व्यसनों से दूर रहने की सलाह दी . इसके साथ ही उन्होंने मानसिक शांति, आत्मसंयम और सकारात्मक ऊर्जा के विकास के लिए छात्राओं को नियमित रूप से ध्यान एवं मेडिटेशन करने के लिए प्रेरित किया .
इच्छाशक्ति से मिलेगी नशे से मुक्ति
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारीज की मीना कुमारी प्रजापति ने आत्म-प्रेम और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला . उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मबल और सकारात्मक दृष्टिकोण के बल पर युवा किसी भी तरह की बुरी आदत पर विजय प्राप्त कर सकते हैं . उन्होंने छात्राओं को अपने जीवन को बेहतर दिशा में ले जाने के लिए प्रेरित किया .
नशा-मुक्त भारत निर्माण का लिया संकल्प
समारोह के अंत में उपस्थित सभी शिक्षिकाओं और छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली . इस अवसर पर डॉ निशि कांति, डॉ आभा, डॉ प्रांजलि, डॉ नीरजा, डॉ नेहा रानी, डॉ नूतन, डॉ रिंकू कुमारी सहित कई अन्य शिक्षक और छात्राएं उपस्थित रहीं . कार्यक्रम का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन सिद्धिका द्वारा किया गया .
