101 Year Old Social Worker: मुजफ्फरपुर जिला के कुढ़नी प्रखंड के मनियारी थाना क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी और 101 वर्षीय लालू राय का निधन शुक्रवार की अहले सुबह उनके पैतृक आवास पर हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. वे अपने मिलनसार स्वभाव और सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते थे. उनके यूं चले जाने से पूरे इलाके में मायूसी छा गई है.
अंतिम दर्शन के लिए उमड़े ग्रामीण और जनप्रतिनिधि
दिवंगत आत्मा के अंतिम दर्शन करने और शोक-संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों का तांता लग गया.
- प्रमुख लोग रहे मौजूद: स्थानीय मुखिया विमला देवी, मुखिया प्रतिनिधि सह समाजसेवी चुन्नीलाल साह, पंचायत समिति सदस्य सह भाजपा मंडल अध्यक्ष ई. दीपक कुमार सिंह और समाजसेवी संजीव कुमार भक्त ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की.
- असंख्य लोग पहुंचे: क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी.
समाज का सच्चा प्रहरी थे लालू राय
इस अवसर पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने उन्हें ''समाज का सच्चा प्रहरी'' बताते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन समाज सेवा को समर्पित रहा था. उनका निधन क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन है. सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
