Muzaffarpur: कांटी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक प्रेमी जोड़े की सहमति से मंदिर में शादी कराए जाने का मामला चर्चा का विषय बना रहा. अलग-अलग गांव और अलग जाति से संबंध रखने वाले युवक-युवती ने ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह कर लिया.
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था. इसी दौरान दोनों को साथ देख कुछ ग्रामीणों को शक हुआ और दोनों को पकड़ लिया गया. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के परिजनों को सूचना दी.
कई वर्षों से था प्रेम संबंध
पूछताछ के दौरान युवक और युवती ने बताया कि दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं. ग्रामीणों ने जब दोनों से शादी करने की इच्छा पूछी, तो दोनों ने सहर्ष विवाह के लिए हामी भर दी. इसके बाद गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से शादी की तैयारी शुरू कर दी.
पुजारी ने बिना मुहूर्त कराई शादी
बताया गया कि बाजार से सब्जी लेकर लौट रहे हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित पप्पू झा को ग्रामीणों ने विवाह कराने का आग्रह किया. पुजारी भी प्रेमी जोड़े के रिश्ते में बाधा नहीं बनना चाहते थे, इसलिए उन्होंने बिना मुहूर्त देखे विवाह कराने की सहमति दे दी.
ग्रामीणों ने लड़का और लड़की के लिए शादी का जोड़ा खरीदा. इसके बाद नरसंडा स्थित राम जानकी मंदिर में पूरे विधि-विधान और रीति-रिवाज के साथ दोनों की शादी कराई गई.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
शादी के बाद दोनों को एक कमरे में भेज दिया गया. इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी. सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सम्मानित ग्रामीण और डायल 112 की टीम राम जानकी मंदिर पहुंच गई. फिलहाल इलाके में यह विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है.
कांटी से मनोज मिश्रा की रिपोर्ट
