Human remains found in SKMCH campus: उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) परिसर से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है . शुक्रवार को अस्पताल परिसर में उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब आवारा कुत्तों का एक झुंड मानव शरीर की रीढ़ की हड्डी को बेरहमी से नोच-नोचकर खाते हुए देखा गया . सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह खौफनाक दृश्य एसकेएमसीएच थाना के ठीक सामने दिखाई दिया . इसे देखकर वहां मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों के होश उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया .
खुलेआम मानव अवशेष घसीटते दिखे कुत्ते, मौके पर जुटी भारी भीड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के समय अचानक लोगों की नजर थाना के सामने मौजूद कुत्तों के एक झुंड पर पड़ी . कुत्ते किसी मानव अवशेष जैसी दिखने वाली रीढ़ की हड्डी को जमीन पर घसीट रहे थे और उसे आपस में नोच रहे थे . अस्पताल जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में ऐसा खौफनाक नजारा देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए . देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और तीमारदारों की भारी भीड़ जमा हो गई . स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इसकी लिखित और मौखिक सूचना पास ही स्थित मेडिकल थाना पुलिस को दी .
पुलिस ने अवशेष को कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम हाउस में रखवाई गई हड्डी
सूचना मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मौके पर पहुंचकर सबसे पहले कुत्तों को खदेड़ा . पुलिस ने जमीन पर बिखरे मानव अवशेष को अपने कब्जे में ले लिया . इसके बाद तत्काल पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया और पूरी सावधानी के साथ उस रीढ़ की हड्डी को सुरक्षित रखवाया गया . मेडिकल थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानव अवशेष को सुरक्षित करा दिया है . अब इस बात की गहन वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह अवशेष किस व्यक्ति का है, कितना पुराना है और अस्पताल के इस खुले क्षेत्र तक कैसे पहुंचा .
अस्पताल प्रशासन की बड़ी लापरवाही पर खड़े हुए गंभीर सवाल
इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने एसकेएमसीएच प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और मानव अवशेषों के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं . अस्पताल में इलाज कराने आने वाले लोगों का कहना है कि यदि पोस्टमार्टम हाउस या वार्डों से मानव अवशेष इस तरह खुले में आवारा कुत्तों तक पहुंच रहे हैं, तो यह बेहद गंभीर लापरवाही और संवेदनहीनता का मामला है . पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जिम्मेदारों की पहचान की जाएगी
