बीआरएबीयू :
1.20 लाख छात्र देंगे परीक्षा15 सितंबर से 59 केंद्रों पर होगी शुरुआतएडमिट कार्ड लेने आज कॉलेज आयेंगे छात्र
वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुरबीआरएबीयू ने स्नातक सत्र 25-29 के सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिये हैं. परीक्षा 15 सितंबर से शुरू होगी. इसमें पांच जिलों के 59 केंद्रों पर 1.20 लाख से अधिक परीक्षार्थी पेपर देंगे. विवि ने परीक्षा को कदाचारमुक्त व पूरी तरह शांतिपूर्ण कराने के लिए तैयारियां की हैं. परीक्षा नियंत्रक प्रो राम कुमार ने बताया कि सभी केंद्राधीक्षकों को इस संबंध में सख्त दिशा-निर्देश दिये गये हैं. परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरपुर, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण व सीतामढ़ी में परीक्षा केंद्र बने हैं. विवि ने पहले ही परीक्षा का शिड्यूल जारी कर दिया था.
एडमिट कार्ड के लिए बढ़ेंगी परेशानियां
कुछ कॉलेजों ने विवि को शत-प्रतिशत परीक्षा फॉर्म नहीं भरे जाने की रिपोर्ट दी थी. इसके बाद फॉर्म भरने के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय दिया गया. इस देरी के कारण छात्रों के साथ-साथ कॉलेजों की भी परेशानी बढ़ गयी है. कई छात्र शनिवार को एडमिट कार्ड लेने के लिए अपने-अपने कॉलेजों में पहुंचेंगे. एक और समस्या यह है कि कई कॉलेजों को बीपीएससी की परीक्षा के लिए भी केंद्र बनाया गया है. इन कॉलेजों में स्नातक के छात्रों को दोपहर 2 बजे के बाद ही एडमिट कार्ड मिल सकेगा, क्योंकि बीपीएससी की परीक्षा दोपहर तक चलेगी. इस स्थिति में छात्रों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है. परीक्षा विभाग ने केंद्रों पर सुरक्षा व निगरानी के लिए कड़े इंतजाम किये हैं. हर केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल व स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
