शादी तय होने के बाद युवती रहस्यमयी ढंग से गायब, 5 साल पहले भी हुआ था अपहरण

मुजफ्फरपुर में शादी तय हो चुकी एक युवती रहस्यमयी ढंग से लापता हो गई है. परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है, क्योंकि 5 साल पहले भी इसी आरोपी पर अपहरण का शक था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर जिला के अहियापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी तय हो चुकी एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है . घटना को लेकर पीड़ित पिता ने अहियापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बेटी के अपहरण की आशंका जताई गई है.पिता ने पुलिस को बताया कि बीते तीन जुलाई की सुबह करीब आठ बजे उनकी पुत्री घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी.

स्कूल ही नहीं पहुंची थी छात्रा, मोबाइल भी आ रहा स्विच ऑफ

जब स्कूल से उसकी अन्य बहनें शाम को घर वापस आईं, तब परिजनों को इस बात की भनक लगी कि वह उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थी . इस जानकारी के बाद परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने अपने स्तर से सभी रिश्तेदारों, सगे-संबंधियों और जान-पहचान वालों के यहां काफी खोजबीन की . हालांकि, काफी कोशिशों के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका . लापता युवती का मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है .

पुराने आरोपी पर ही दोबारा अपहरण का शक, जेल भी जा चुका है बदमाश

पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में एक स्थानीय युवक और उसके साथियों पर अपहरण करने का गहरा संदेह जताया है .आवेदन के अनुसार, पूर्व में वर्ष 2021 में भी जब युवती नाबालिग थी, तब इसी आरोपी युवक ने उसका अपहरण किया था और उसके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी . परिजनों का आरोप है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और इस मामले में पहले भी जेल जा चुका है .अब जब युवती बालिग हो चुकी है और उसकी शादी भी तय हो चुकी है, तो परिजनों को अंदेशा है कि इसी रंजिश के कारण आरोपी ने दोबारा इस घटना को अंजाम दिया है .अहियापुर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और युवती की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandan

Published by: Sumit Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >