Muzaffarpur News: गायघाट में रक्षाबंधन के अगले दिन शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षिका और उनके बेटे की मौत हो गयी. बेनीबाद थाना क्षेत्र के ठीकापाही के समीप NH-27 पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरायी और करीब 15 फीट नीचे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद मां-बेटा कार में फंस गये थे. स्थानीय लोगों ने पानी में उतरकर कार के शीशे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला.
पुल से नीचे पानी में पलट गयी कार
बताया गया कि शनिवार को मधु वर्मा (54) अपने बेटे पुनीत स्पर्श के साथ कार से दरभंगा के सिमरी स्थित घर लौट रही थीं. पुनीत स्पर्श ही कार चला रहे थे.
ठीकापाही के समीप तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गयी और पुल की रेलिंग से टकराने के बाद पलटते हुए एनएच से करीब 15 फीट नीचे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी. दुर्घटना के बाद कार पानी में पलट गयी और मां-बेटा उसमें फंस गये.
स्थानीय लोगों ने पानी में उतरकर निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. स्थानीय लोगों ने पानी में उतरकर कार के शीशे तोड़े और दोनों को बाहर निकाला.
इसके बाद एनएचआई की एंबुलेंस से मां-बेटे को गायघाट सीएचसी ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने मधु वर्मा को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल पुनीत स्पर्श को प्राथमिक उपचार के बाद एसकेएमसीएच रेफर किया गया.
इलाज के दौरान बेटे ने भी दम तोड़ा
पुनीत स्पर्श की हालत गंभीर बतायी गयी थी. इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी. इस तरह हादसे में मां और बेटे दोनों की जान चली गयी.
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. रक्षाबंधन के बाद हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा है.
भाई को राखी बांधकर लौट रही थीं शिक्षिका
मधु वर्मा सिंघवाड़ा स्थित गर्ल्स हाई स्कूल, रामपुरा में शिक्षिका थीं. बताया गया कि वह अपने बेटे के साथ पटना गयी थीं, जहां उन्होंने रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधी थी. इसके बाद दोनों कार से दरभंगा के सिमरी स्थित घर लौट रहे थे. इसी दौरान ठीकापाही के पास यह हादसा हो गया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अपर थानाध्यक्ष एसआइ मौर्यन दीपांकरन ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से टकराने के बाद नीचे गड्ढे में जमा पानी में गिर गयी. शिक्षिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया. पुलिस हादसे की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें
रक्षाबंधन पर विदेश भेजी गयीं 530 राखियां, डाक विभाग को 1.80 लाख रुपये का राजस्व
