Nepal Flood: फ्लैश फ्लड की आशंका पर अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, बांधों पर नाइट पेट्रोलिंग शुरू

तिब्बत में ग्लेशियर झील फटने के बाद गंडक नदी में फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए मुजफ्फरपुर प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है. अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है.

Bihar Flood Alert: तिब्बत क्षेत्र में ग्लेशियर झील फटने के बाद नेपाल स्थित गंडक नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए मुजफ्फरपुर प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है. नदी के जलप्रवाह में अचानक वृद्धि की संभावना के मद्देनजर साहेबगंज, पारू और सरैया प्रखंडों के तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर उन्हें मुख्यालय में रहने का निर्देश दिया गया है.

गंडक किनारे के गांवों में बढ़ाई गई निगरानी

संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों को अलर्ट किया गया है. जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को तटबंधों की सुरक्षा पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है. संवेदनशील पुल-पुलियों और नदी के आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है.

डीएम-एसएसपी ने रेवा घाट समेत कई इलाकों का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश मिश्रा ने रेवा घाट समेत गंडक नदी के विभिन्न तटीय इलाकों का निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने. बांधों की सुरक्षा और निचले इलाकों में किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया.

नाइट पेट्रोलिंग और 24 घंटे निगरानी के निर्देश

फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए तटबंधों पर नाइट पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और जलस्तर में अचानक वृद्धि होने पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है.

एनडीआरएफ-एसडीआरएफ और राहत व्यवस्था तैयार

प्रशासन के अनुसार आपदा की स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती की तैयारी है. सामुदायिक रसोई, सूखा राशन, स्वच्छ पेयजल, पशु चारा और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है.

छुट्टियां रद्द, मुख्यालय में रहेंगे अधिकारी-कर्मी

फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए प्रखंड एवं अंचल स्तर पर पदस्थापित अधिकारियों, कर्मचारियों और तकनीकी कर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है. जो कर्मी पहले से छुट्टी पर हैं, उन्हें तत्काल मुख्यालय लौटकर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है. डीएम कुमार गौरव ने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पैनिक नहीं, सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है. बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है. प्रशासन ने अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने और केवल आधिकारिक एडवाइजरी पर भरोसा करने की अपील की है.

आपातकालीन हेल्पलाइन

  • जिला आपातकालीन संचालन केंद्र: 0621-2212007
  • राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, पटना: 0612-2294204 / 0612-2294205
  • राज्य हेल्पलाइन: 1070

यह भी पढ़ें: नेपाल में बाढ़ का कहर: 95 शव बरामद, 20 की अब तक पहचान नहीं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात कुमार

पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रभात का 18 वर्षों का अनुभव है. प्रशासनिक नीतियों के विश्लेषण, राजनीतिक घटनाक्रमों की सटीक रिपोर्टिंग और खोजी पत्रकारिता में इनकी रुचि है. जटिल विषयों को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की इनमें क्षमता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >