मुजफ्फरपुर में बदलेगी अर्थव्यवस्था और सेहत की तस्वीर: 4 चौकों पर खुलेंगे आधुनिक 'फ्रेश कैच' मत्स्य केंद्र

मुजफ्फरपुर में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए शहर के चार प्रमुख चौकों पर आधुनिक फ्रेश कैच मछली बिक्री केंद्र खोले जाएंगे। जानें पूरी जानकारी।

Fresh Catch Muzaffarpur: शहर में सेहतमंद खान-पान और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई धार देने के लिए बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सात निश्चय पार्ट-3 योजना के अंतर्गत मुजफ्फरपुर के चार प्रमुख चौकों पर अत्याधुनिक 'फ्रेश कैच' (Fresh Catch) मत्स्य बिक्री केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है. यह पहल न केवल मत्स्य पालकों और विक्रेताओं की आमदनी बढ़ाकर उनकी आर्थिक दशा में सुधार लाएगी, बल्कि शहरवासियों को भी रसायन-मुक्त व शुद्ध मछली उपलब्ध कराएगी.

रोजगार और आर्थिक तरक्की को लगेंगे पंख

इन आधुनिक बिक्री केंद्रों के बनने से स्थानीय युवाओं और पारंपरिक मत्स्य व्यवसाय से जुड़े परिवारों को रोजगार के नए व बेहतर अवसर मिलेंगे. व्यवस्थित और हाइजीनिक बाजार मिलने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी, जिससे मत्स्य पालकों को उनके उत्पाद का सही मूल्य मिल सकेगा. इससे जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि का नया रास्ता खुलेगा.

इन 4 प्रमुख चौकों पर सजेगा आधुनिक बाजार

 जिला मत्स्य विभाग ने शहर के चार सबसे व्यस्त और प्रमुख स्थलों को इसके लिए चुना है:

  • भगवानपुर चौक
  • संजय सिनेमा चौक
  • नीम चौक
  • लक्ष्मी चौक

सेहत से समझौता नहीं, मिलेगी रसायन-मुक्त शुद्ध मछली

अक्सर खुले में बिकने वाली मछलियों में स्वच्छता और ताजगी को लेकर सवाल उठते रहे हैं. इन हाइटेक केंद्रों पर अत्याधुनिक कोल्ड स्टोरेज और सफाई की बेहतरीन सुविधाएं होंगी. इससे उपभोक्ताओं को न केवल ताजी और पौष्टिक मछली मिलेगी, बल्कि बीमारियों का खतरा भी कम होगा और लोगों की जीवनशैली में सुधार आएगा.

जमीन चिह्नीकरण तेज, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

परियोजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए जिला मत्स्य पदाधिकारी ने मुशहरी सीओ को पत्र भेजकर जमीन की मापी और सीमांकन का अनुरोध किया है. नगर निगम की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) पहले ही मिल चुका है. अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक और कनीय अभियंता ने स्थल का जायजा ले लिया है. मुख्यालय के निर्देश पर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर की निशा ने पेश की मिसाल: जन्मदिन पर लिया नेत्रदान का संकल्प, समाज को दिया प्रेरणादायी संदेश



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात कुमार

पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रभात का 18 वर्षों का अनुभव है. प्रशासनिक नीतियों के विश्लेषण, राजनीतिक घटनाक्रमों की सटीक रिपोर्टिंग और खोजी पत्रकारिता में इनकी रुचि है. जटिल विषयों को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की इनमें क्षमता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >