यूडाइस स्कूल लापरवाही: जिले के सरकारी और निजी स्कूलों की कार्यशैली और घोर लापरवाही पर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है. यूडाइस (UDISE) पोर्टल पर विद्यालय के बुनियादी ढांचे और बच्चों से जुड़े आंकड़े समय पर अपलोड नहीं करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) आयुष कुमार ने पत्र जारी कर सभी दोषी 158 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया है.
24 घंटे में डेटा अपलोड न होने पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीपीओ आयुष कुमार ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित 24 घंटे की समय सीमा के भीतर सभी अनिवार्य जानकारियां पोर्टल पर दर्ज नहीं की गईं, तो संबंधित स्कूल प्रशासन और लापरवाह प्रभारियों के खिलाफ विभागीय नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
इन प्रखंडों के स्कूल हैं रडार पर
कार्रवाई के दायरे में जिले के विभिन्न प्रखंडों के कुल 158 विद्यालय चिन्हित किए गए हैं:
- मुशहरी: सबसे अधिक 53 स्कूल शामिल हैं.
- सकरा: 18 और बोचहां: 11 स्कूल.
- कुढ़नी: 9, जबकि गायघाट व सरैया: 7-7 स्कूल.
- औराई, बंदरा, कटरा व मोतीपुर: 6-6 स्कूल.
- कांटी, मड़वन, मीनापुर, पारू व साहेबगंज: 5-5 स्कूल.
- मुरौल: 4 स्कूल शामिल हैं.
कैंप लगाने के बाद भी प्रधानाध्यापकों ने बरती उदासीनता
यूडाइस पोर्टल पर स्कूलों का इन्फ्रास्ट्रक्चर, कार्यरत शिक्षकों का संपूर्ण विवरण, नामांकित बच्चों की सटीक संख्या दर्ज करने के साथ-साथ छात्रों की अपार आईडी (APAAR ID) और पेन आईडी (PEN ID) जनरेट की जानी है. इस कार्य को सुगमता से पूरा कराने के लिए जिला स्कूल मुजफ्फरपुर के सभागार में 7 सितंबर से निरंतर विशेष कैंप भी संचालित किया जा रहा है. पूर्व सूचना के बावजूद इन स्कूलों द्वारा डेटा अपलोड करने में टालमटोल की गई. विभाग ने इसे घोर अनुशासनहीनता मानते हुए अंतिम चेतावनी जारी की है.
ये भी पढ़ें: गोविंद शर्मा हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट का सख्त रुख: आरोपित रणंजय ओंकार की नियमित जमानत याचिका खारिज
