Muzaffarpur Exam Fraud: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) मुजफ्फरपुर द्वारा रविवार को आयोजित ग्रुप-डी की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान कांटी स्थित आइओएन डिजिटल जोन सेंटर पर एक फर्जी परीक्षार्थी को रंगे हाथों पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपी दरभंगा जिले के निमैठी का निवासी सानंद कुमार उर्फ सदानंद है, जो अपने सगे भाई सत्यम कुमार सिंह के स्थान पर परीक्षा देने सेंटर पहुंचा था.
बायोमेट्रिक और सत्यापन में खुली पोल
प्रथम पाली में परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय सुरक्षा जांच के दौरान फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ:
- बायोमेट्रिक मिसमैच: प्रवेश के समय फोटो और बायोमेट्रिक मिलान में गड़बड़ी पाई गई.
- सत्यापन में खुलासा: लैब में जब डिजिटल सत्यापन किया गया तो पोर्टल पर नाम सत्यम कुमार सिंह दिखा, जबकि एडमिट कार्ड पर सानंद कुमार दर्ज था.
- कबूला जुर्म: पिता का नाम और पता एक होने पर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके बाद आरोपी ने अपने भाई की जगह परीक्षा देने की बात स्वीकार की और लिखित घोषणा पत्र दिया.
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच में जुटी टीम
सेंटर की वीसी पूनम देवी की लिखित शिकायत पर कांटी थाना पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया:
- आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है.
- कांटी थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि इस फर्जीवाड़े में किसी बड़े सॉल्वर गिरोह की संलिप्तता का पता लगाया जा सके.
ये भी पढ़ें: हादसा: नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने दरोगा और जवान को रौंदा, बीएमपी जवान शहीद
